पटना में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली चुनाव के नतीजों का बिहार में कोई असर नहीं पड़ेगा। हमलोग के यहां रहते, बिहार में ऐसे ही भाजपा सरकार बना लेगी। बीजेपी वालों को जनता जान चुकी है।’
जनता ने उनके विनाश को देखा है
आरजेडी सुप्रीमो के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि लालू यादव बड़बोले नेता हैं। होटवार जेल को सुशोभित कर चुके हैं। अभी धृतराष्ट्र के रोल में हैं। अपने पुत्र दुर्योधन को सीएम बनाने के लिए व्याकुल हैं। उनको पहले ये समझना चाहिए कि पहली बार बीजेपी के समर्थन से सीएम बने थे। 2025 में आरजेडी को 25 सीटें भी नहीं आएंगी। जनता ने विकास देखा है और उनका विनाश भी देखा है।
दिलीप जायसवाल ने केजरीवाल का शिष्य बताया था
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी के नेता कह रहे हैं कि ‘दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है।’ कुछ दिन पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बिना नाम लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शिष्य बताया था।
पीएम की गारंटी पर लोगों को भरोसा है
दिलीप जायसवाल ने कहा था कि केजरीवाल ने मतदाताओं को मुफ्त चीजें देने का वादा करके सारी हदें पार कर दी थीं। वह पहले छत्तीसगढ़ में देखे गए रुझानों पर गौर करने में विफल रहे। जहां लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर भरोसा किया और कांग्रेस की भूपेश सिंह बघेल सरकार के खिलाफ वोट दिया।
बिहार में भी कुछ लोग अरविंद केजरीवाल के चेले बन गए हैं। वे महिलाओं को 2,500 रुपए की मासिक सहायता और मुफ्त बिजली देने के वादे के सहारे मतदाताओं को अपनी ओर लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली के फैसले ने उन्हें चौंका दिया है।