नवादा में एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रूपौ थाना क्षेत्र के चारौल गांव की किरण देवी (45) अपने बड़े बेटे की शादी का न्योता बांटने गई थी। इस दौरान रोह प्रखंड के हरला गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने किरण देवी को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच रास्ते में ही मौत हो गई।
लोगों ने नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि वह न्योता देकर लौट रही थी और रोड के किनारे खड़ी थी। तभी अज्ञात गाड़ी ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दिया। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई।