समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड के हरदासपुर गंगा दियारा में बसे लोगों का सपना अब पूरा होने वाला है। सरकार ने इस प्रखंड से गुजरने वाली गंगा नदी के पत्थर घाट से हरदासपुर घाट तक पीपा पुल बनाने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए 38.72 करोड़ रूपया खर्च होने का अनुमान है।
गंगा नदी पर पीपा पुल बनने से हरदासपुर की दशा और दिशा दोनों बदल जाएगी। युगो युगो से इस पंचायत के लोग नाव की सवारी कर रहे हैं। जिस कारण इस इलाके का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। आवागमन की सुविधा सुलभ होने से इस इलाके में विकास की गति तेज होगी। यहां के किसान अपना अनाज, दूध, हरी सब्जियां पटोरी समेत पटना के बाजार में आसानी से लेकर पहुंच सकेंगे। जिसे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगी।

रोजाना 1500 लोगों का नाव से आना-जाना
पत्थर घाट पर नाव चलाने वाले अखिलेश साह ने बताते हैं कि उनके दादा भी यहां पर नाव चलाते थे,जिसके बाद उनके पिता यहां पर नाव चलाते थे। अब वह यहां पर नाव चलाते हैं रोजाना हजार से 1500 लोगों को गंगा पार कराते हैं। पीपा पुल बनने से लोगों का आना-जाना आसान हो जाएगा।
लोग घरों तक चार चक्का वाहन से जा सकेंगे। खासकर शादी बिहार के समय में लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बाराती का वहां पत्थर घाट पर लगाकर दूल्हे को नव पर सवार कर ले जाया जाता है।

पुल निर्माण के बाद मिलेगी शांति
हरदासपुर निवासी अजीत कुमार राय ने कहा कि चुनाव जब नजदीक आता है तो इस तरह की बातें की जाने लगती है। वर्षों से कहा जा रहा है कि हरदासपुर से पत्थर घाट पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा। राशि आ गई है अब निर्माण शुरू होगा लेकिन चुनाव खत्म होते ही मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है इस बार जब पुल बन जाए तब समझेंगे कि पुल बन गया।

ग्रामीण लालटेन राय बताते हैं कि उनके पूर्वज नाव की सवारी करते आ रहे हैं। वह भी नाव की सवारी कर रहे हैं अगर इस घाट पर पुल का निर्माण हो जाता है तो इस इलाके में विकास की गति तेज होगी। यहां कारोबार विकसित हो सकेगा। अभी अगर किसी को पत्थर घाट से हरदासपुर चार चक्का से जाना है तो उन्हें वैशाली पटना होते हुए जाना पड़ेगा।

पीपा पुल निर्माण के DPR हो रहा तैयार
इस मामले में डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि पत्थर घाट से हरदासपुर पीपा पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान हो गई है। जिसको लेकर डीपीआर तैयार किया जा रहा है निविदा की प्रक्रिया पूर्ण करने पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।