मैं दलित हूं, इसलिए हम लोगों को घर में रहने नहीं दिया जा रहा है। मेरी जाति की वजह से मेरे पति के घरवाले इस रिश्ते से खुश नहीं हैं। हम दोनों ने लव मैरिज किया है। हम लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। यह कहना है लव मैरिज करने वाली शोभा का।
पंकज (36) और शोभा की शादी 8 महीने पहले हुई थी। पंकज के माता-पिता नहीं हैं। घर पर भाई, भाभी, भतीजा और भतीजी हैं, जो पंकज की शादी नहीं होने देना चाहते थे। शादी के लिए लड़की वाले आते थे, तो परिजन भगा देते थे। पंकज इस बात से बहुत दुखी था।
दूसरी तरफ पंकज की शोभा के जीजा से दोस्ती थी, जिससे वह शोभा के घर आना-जाना लगा रहता था। मई में एक दिन पंकज ने अपनी परेशानी शोभा के घर में बताई। शोभा भी वहीं थी, जिसे सुनकर शोभा काफी भावुक हो गई। यहीं से दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई। दो महीने बाद यानी जुलाई में पंकज ने शोभा के घरवालों की मर्जी से मंदिर में शादी की।
शादी करने के बाद पंकज अपने घर पहुंचा तो भाई और भाभी प्रताड़ित करने लगे। परेशान पंकज ने पिछले साल अक्टूबर में शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिसवालों ने कहा- ‘तुम लोगों का तो ऐसा ही होते रहता है।’
पुलिस से मदद नहीं मिली तो पंकज शोभा को लेकर रक्सौल चला गया। सोमवार को फिर से परिवार वालों ने धमकी दी और कहा लड़की को छोड़ दो नहीं तो पिटाई के लिए तैयार रहो। मामला करजा थाना क्षेत्र के रेपुरा का है।
वकील सुधीर कुमार ओझा ने कहा,
सरकार का प्रावधान है कि अंतरजातीय विवाह होने पर एक नौकरी और प्रोत्साहन राशि देनी है। ताकि जातीय बंधन टूटे। जात-पात की लड़ाई खत्म हो सके, लेकिन प्रशासन पहल की जगह डांट-फटकार कर भगा देता है।
दंपती ने SSP से लगाई गुहार
मंगलवार को पंकज और शोभा वकील की मदद से SSP सुशील कुमार के पास शिकायत करने पहुंचे। इसके बाद दोनों ने एससी-एसटी थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है। शोभा ने बताया, ‘शादी के लिए मेरे परिवार वाले राजी थे। मंदिर में हम दोनों ने विवाह किया। मेरी गोतनी (बड़े भाई की पत्नी) घर में रहने नहीं दे रही है। बोलती है तुम छोटी जाति की हो, यहां नहीं रहने देंगे। मेरे पति के साथ मारपीट की जाती है। शादी के बाद मैं अपने ससुराल गई तो दो दिन सब ठीक था। इसके बाद ससुराल वालों ने हमें घर से निकाल दिया’

शोभा को छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा: पंकज
पंकज ठाकुर ने बताया, ‘घर गए तो जो रिवाज होता है वह पूरा किया गया। शादी के कुछ दिन बाद सभी लोग छोटी जाति की लड़की से शादी करने की बात कह कर जान से मारने की धमकी देने लगे। घर के लोग लड़की को छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। इसके बाद करजा थाना में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन थाना ने आवेदन नहीं लिया।’
पुलिस की तरफ से सहयोग नहीं मिला
वकील सुधीर कुमार ओझा ने बताया, ‘शोभा कुमारी दलित है और पंकज ठाकुर उच्च जाति से है। दोनों ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है। शादी के बाद से ही लड़के के पट्टीदार परेशान करने लगे। इन लोगों को पुलिस की तरफ से भी कोई मदद नहीं मिली।
एसपी ग्रामीण विद्यासागर ने कहा,
अंतरजातीय विवाह से संबंधित आवेदन मिला है। लड़के के परिजन इस विवाह को मानने से इनकार कर रहे हैं। मामले की जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।