मुजफ्फरपुर में पिता और बेटे को गोली मारने के आरोपी मोनू को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी मो. सोना अभी फरार है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया था। घायल नाविक उपेंद्र सहनी के बयान पर केस दर्ज किया गया है।
आवेदन में उपेंद्र सहनी का कहना है कि वो नाविक है। शुक्रवार को उनका बेटा सुधांशु नाव चल रहा था। इसी बीच दो युवकों को उनके बाइक के साथ नदी पार कराया। किराया मांगने पर दोनों युवक बहस करने लगे। इसी बीच उपेंद्र सहनी और उनका बड़ा बेटा पंकज वहां पहुंच गया। विवाद बढ़ने के कारण दोनों युवक हथियार निकालकर गोली मारने की धमकी देने लगे। मैंने मो.सोना का हाथ पकड़ कर उसका हथियार छीन लिया। मोनू ने दोनों को गोली मार दी। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए PHC में भेजा गया। उसके बाद SKMCH में रेफर कर दिया गया। वहां से परिजन दोनों को निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात पिता और बेटे का ऑपरेशन हुआ।
किराए को लेकर हुआ था विवाद
ग्रामीणों ने बताया जब सुधांशु मनियारी थाना क्षेत्र के मोनू और मो.सोना को नदी पार करा रहा था, तब 70 रुपया किराया मांगा। दोनों उतना पैसा देने से मना करने लगे। दोनों का कहना था कि 20 रुपया देंगे, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। नाव से उतरने के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों ने पिता-बेटे को गोली मार दी।
घटना के वक्त ग्रामीणों ने दोनों के सफेद अपाचे बाइक को पकड़ लिया था। जिसे पुलिस जब्त कर थाना ले गई। जांच के दौरान बाइक चोरी का निकला। 22 मार्च को बाइक के चोरी का केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में ग्रामीण SP विद्या सागर ने बताया कि पिता और बेटे को गोली मारने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। घायल उपेंद्र सहनी के बयान पर केस दर्ज किया गया है। मौके से जब्त बाइक चोरी की है। घायलों का ऑपरेशन हो गया है। दोनों की हालत ठीक है।