भागलपुर में शनिवार को कांग्रेस पार्टी से महिलाओं को जोड़ने के लिए नगर विधायक अजीत शर्मा के आवास पर नारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें शहर की दर्जनों महिलाएं शामिल हुईं। दरअसल, कांग्रेस की महिला अध्यक्ष अल्का लांबा के आह्वान पर सुमित मिश्रा को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
मिश्रा भागलपुर विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को कांग्रेस पार्टी के प्रति जागरूक करेंगे।
मिश्रा ने महिलाओं को कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को अधिकार दिलाने की अहम जिम्मेदारी निभा रही है। देश आजाद होने के बाद महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था। संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर ने महिलाओं को अधिकार दिलाया। उन्होंने महिला को स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित किया।
महिलाओं को अपनी भागीदारी निभानी होगी
सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में कांग्रेस के कैंप कार्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिश्रा ने कहा कि आज के वर्तमान समय में महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वाबलंबी बनना आवश्यक है। महिलाओं को आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी से जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चत करनी होगी।
इसके लिए प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ना होगा। मौके पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा कोमल सृष्टि, ज्योति देवी, उषा रानी, पूनम मिश्रा, खुशबू देवी, मीना देवी, मोहिनी देवी, सविता देवी सहित दर्जनों महिला कार्यकर्त्ता उपस्थित थीं।