भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। आग लगने से गार्डन एरिया में लगे फल और फूल के कई पेड़ जलकर खाक हो गए। आग देर रात लगने की संभावना जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि आग लगने की घटना देर रात करीब 2 बजे के आसपास की है।
शनिवार सुबह जब लोग उठे और सैंडिस कंपाउंड की ओर से टहलने निकले तो देखा कि वहां धुआं उठ रहा है। हालांकि, तब तक आग खुद बुझ चुकी थी। आग लगने की घटना से कई पेड़ पौधे झुलस गए हैं। आग लगने और धुआं उठने की तत्काल सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम पहुंचकर आग को पूरी तरह से बुझा दिया।

आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं
हालांकि आग लगने का कारणों के संबंध में अभी तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्वों की ओर से घटना को अंजाम दिया गया है।

एक तरफ जहां सैंडिस कंपाउंड मैदान में चारों तरफ सुरक्षा व्यवस्था बहाल है, उसके बावजूद आग लगने की घटना से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। कंपाउंड में ना तो कोई बिजली बोर्ड है और ना ही ज्वलनशील पदार्थ। कयास लगाया जा रहा है कि कुछ उपद्रवी रात को नशे के लिए यहां आए होंगे, जिन्होंने घटना को अंजाम दिया है।