बिहार में इस बार मार्च से ही भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मार्च में दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, आरा, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में एक या दो दिनों तक हीट वेव चल सकती है। इस दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री से बीच रह सकता है।
वहीं, मौसम विभाग ने आज बिहार के 10 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में भागलपुर, मुंगेर, बांका, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण शामिल है। बाकी अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक रात और दिन के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हल्की हवा भी चल सकती है। अगले तीन दिन के बाद थोड़ी गर्मी बढ़ेगी। दिन और रात के तापमान में अंतर कम होगा।
मार्च में सामान्य बारिश की भी संभावना है। बारिश के साथ कहीं-कहीं ठनका भी गिर सकता है। हीट वेव के कारण अप्रैल में भी सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। मई में झारखंड से सटे इलाकों में बारिश और ठनका गिरने की भी संभावना है। -आशीष कुमार, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, पटना
1 मार्च से शुरू हुई प्री-मानसून का पिरियड
बिहार में शनिवार की सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। सुबह आठ बजे से ही पटना सहित 22 जिलों में बारिश शुरू हो गई। मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई और मैदानी इलाकों में बारिश हुई।
सबसे अधिक बारिश वैशाली के राजा पाकर में रिकॉर्ड की गई है। राजा पाकर में 4.6mm बारिश रिकॉर्ड की गई। पटना के श्रीपालपुर में 4.4, हवाईअड्डा में 2.7 और ब्रह्मपुर में 2.4mm बारिश हुई।
इस बारिश के साथ ही राज्य में शनिवार से प्री मानसून पिरियड की भी शुरुआत हो गई है। प्री मानसून 31 मई तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान सूर्य धीरे-धीरे कर्क रेखा की ओर बढ़ता रहेगा। इससे तापमान बढ़ेगा और इससे हल्की बारिश से लेकर तेज आंधी चलेगी और ठनका गिर सकता है। मार्च में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा

फरवरी में सामान्य से 96 प्रतिशत कम हुई बारिश
मौसम विभाग ने शनिवार को फरवरी 2025 का आंकड़ा जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश का सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस औरंगाबाद में और सबसे कम औसत न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में दर्ज किया गया।
वहीं, सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस मधुबनी में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी एवं बांका में दर्ज किया गया।फरवरी में प्रदेश में मासिक वर्षा सामान्य से 96 प्रतिशत कम हुई।
5 साल में फरवरी का तापमान सबसे अधिक, मई में कम सताएगी गर्मी
पिछले 5 साल में इस बार फरवरी का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। पटना समेत 5 जिलों का अधिक तापमान 30 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। सेल्सियस दर्ज किया गया। फरवरी में पटना का तापमान 30.4 डिग्री रहा, वही, गया का तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किया गया।
जबकि साल 2024 में पटना का अधिकतम तापमान 24.3, जबकि गया का तापमान 24.9 डिग्री दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटे में औरंगाबाद सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से 10 जिलों का अधिकतम तापमान जारी किया गया है।

वहीं, बांका सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से 10 जिलों का न्यूनतम तापमान जारी किया गया है।
