नालंदा में पूर्व के विवाद को लेकर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार जख्मी कर दिया। मामला थरथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत झूलनबीघा गांव का है। जख्मी की पहचान झूलनबीघा गांव निवासी 42 वर्षीय अरविंद कुमार उर्फ मुखिया जी के रूप में की गई है।
व्यक्ति को गोली पेट और बांह में लगी है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम जब शौच के लिए अरविंद कुमार खेतों की ओर जा रहे थे। तभी घात लगाए बदमाशों ने गोलीबारी कर दी।

पुलिस ने एक को की गिरफ्तार
इस घटना में अरविंद कुमार गोली लगने से जख्मी हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर गांव और घर वाले दौड़े। जिसके बाद जख्मी हालत में अरविंद कुमार को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पटना के निजी क्लिनिक में अरविंद कुमार इलाजरत हैं।
थरथरी थानाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने बताया कि इस मामले में एक नामजद अभियुक्त झूलन बीघा गांव निवासी अशोक प्रसाद के पुत्र अमरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूर्व के विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई है। जख्मी की पत्नी के द्वारा दिए गए आवेदन में कुल 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एवं क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।