दानापुर में बिहार विधान परिषद के पूर्व कार्यकारी सचिव के फ्लैट से 25 लाख की चोरी हुई है। चोरों ने घर में रखे कैश सहित सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया है। घटना डिफेंस कॉलोनी के कालेश्वरी अपार्टमेंट की है।
वारदात के वक्त घर में कोई नहीं था। ध्रुव नारायण पाठक परिवार के सदस्यों के साथ शादी में गए थे। इस बीच चोर मेन डोर का लॉक तोड़कर अंदर घुसे। सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान ले भागे।
6 महीने से सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहा
दामाद विजय कुमार ओझा ने बताया कि मेरे ससुर फ्लैट नंबर 3डी में रहते हैं। मैं भी इसी अपार्टमेंट में 3ई में रहता हूं। शादी समारोह में शामिल होने के लिए सभी झारखंड गए थे। घर में कोई नहीं था। 12 फरवरी को सुबह देखा तो मेन डोर का लॉक टूटा हुआ था। अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था।

गोदरेज से लाखों के जेवरात और कैश गायब थे। जिसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य बुधवार देर रात झारखंड से दानापुर पहुंचे। पिछले 6 महीने से अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरा भी काम नहीं कर रहा है।

पुलिस का दावा- जल्द होगा मामले का खुलासा
इस संबंध में पीड़ित ने दानापुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। चोरों की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।